गुजरात में हड़प्पा काल का नगर धौलावीरा आज यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल हो गया। इसके बाद भारत में विश्व धरोहर स्थलों की संख्या 40 हो गयी है। संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि आज का दिन भारत के लिये गौरवशाली दिवस है, विशेषकर गुजरात के लोगों के लिये।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भारत के 10 नये स्थल विश्व धरोहर सूची में शामिल हुए हैं। यह संख्या वैश्विक सूची में शामिल भारत के कुल धरोहर स्थलों की एक चौथाई है। संस्कृति मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय संस्कृति, विरासत और भारतीय जीवन शैली को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में हड़प्पा काल के धौलावीरा नगर को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री मोदी ने कई ट्वीट में कहा कि धौलावीरा एक प्रमुख शहरी केंद्र था और यह देश के अतीत के साथ महत्वपूर्ण संपर्कों में एक है।
उन्होंने कहा कि यह देखने योग्य स्थल है, विशेषकर यह इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व में रुचि रखने वालों के लिये दर्शनीय है।प्रधानमंत्री ने कहा कि वे अपने विद्यार्थी जीवन में पहली बार धौलावीरा गये थे और इसे देखकर मंत्रमुग्ध रह गये थे।उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें धौलावीरा के धरोहर संरक्षण और पुनरुद्धार से संबंधित कार्य करने का अवसर मिला।
भारत में 40 विश्व धरोहर स्थलों की सूची:
धोलावीरा, गुजरात
रामप्पा मंदिर, तेलंगाना
ताज महल आगरा
खजुराहो, मध्य प्रदेश
हम्पी, कर्नाटक
अजंता गुफाएं, महाराष्ट्र
एलोरा गुफाएं, महाराष्ट्र
बोधगया, बिहार
सूर्य मंदिर, कोणार्क, उड़ीसा
लाल किला परिसर, दिल्ली
सांची, मध्य प्रदेश में बौद्ध स्मारक
चोल मंदिर, तमिलनाडु
काजीरंगा वन्य जीव अभ्यारण्य, असम
महाबलीपुरम, तमिलनाडु में स्मारकों का समूह
सुंदरवन राष्ट्रीय उद्यान, पश्चिम बंगाल
हुमायूं का मकबरा, नई दिल्ली
जंतर मंतर, जयपुर, राजस्थान
आगरा का किला, उत्तर प्रदेश
पट्टाडकल, कर्नाटक में स्मारकों का समूह
एलीफेंटा गुफाएं, महाराष्ट्र
भारत के पर्वतीय रेलवे
नालंदा महाविहार (नालंदा विश्वविद्यालय), बिहार
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (पूर्व में विक्टोरिया टर्मिनस), महाराष्ट्र
कुतुब मीनार और उसके स्मारक, नई दिल्ली
चंपानेर-पावागढ़ पुरातत्व उद्यान, गुजरात
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क, हिमाचल प्रदेश
राजस्थान के पहाड़ी किले
गोवा के चर्च और कॉन्वेंट
भीमबेटका, मध्य प्रदेश के रॉक शेल्टर्स
मानस वन्य जीव अभ्यारण्य, असम
फतेहपुर सीकरी, उत्तर प्रदेश
रानी की वाव, पाटन, गुजरात
केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान, भरतपुर, राजस्थान
नंदा देवी और फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान, उत्तराखंड
पश्चिमी घाट
कंचनजंगा राष्ट्रीय उद्यान, सिक्किम
कैपिटल कॉम्प्लेक्स, चंडीगढ़
अहमदाबाद का ऐतिहासिक शहर
मुंबई का विक्टोरियन और आर्ट डेको एनसेंबल
गुलाबी शहर – जयपुर